Bihar Weather Alert: बिहार के तापमान में हो सकती है गिरावट! मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानें ताजा वेदर रिपोर्ट
Wednesday, Jan 21, 2026-04:30 PM (IST)
Bihar Weather Alert: बिहार में मौसम को लेकर नया अलर्ट जारी किया गया है। सुबह और शाम के समय लोग अधिक ठंड का सामना कर रहे हैं, जबकि दोपहर के समय धूप खिलने से थोड़ी राहत मिल रही है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए अलर्ट जारी किया है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है।
तापमान में गिरावट की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में राज्य में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है, इसके बाद न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने अगले 2 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना जताई है। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में न्यूनतम तापमान में मामूली बदलाव के अलावा कोई विशेष बदलाव नहीं होने की संभावना है।
जानें कैसा रहेगा अगले 7 दिन मौसम का हाल
मौसम विभाग के अनुसार, अगले सात दिनों तक बिहार में मौसम स्थिर रहेगा और पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा। पटना में आसमान साफ रहने की संभावना है। सुबह और शाम के समय तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन दोपहर के वक्त धूप खिलने से लोगों को राहत मिलेगी।
जानें पिछले 24 घंटों में कहां कितना तापमान
पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.2°C राजगीर में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम अधिकतम तापमान 23.3°C बांका में रिकॉर्ड हुआ। न्यूनतम तापमान की बात करें तो सबसे कम न्यूनतम तापमान 7.5°C शेखपुरा में दर्ज किया गया। सबसे कम विजिबिलिटी 400 मीटर मोतिहारी में रही।

