तिलक समारोह में शामिल 5 लोगों की रहस्यमयी मौत से फैली सनसनी, कारण का पता लगाने में जुटी पुलिस

Thursday, Feb 19, 2026-10:05 AM (IST)

Bihar Desk : बिहार के रोहतास जिले से एक हृदयविदारक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ बिक्रमगंज प्रखंड के मठिया गांव में पिछले तीन दिनों के भीतर पांच लोगों की रहस्यमयी हालात में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

तिलक के बाद बिगड़ी तबीयत

मिली जानकारी के अनुसार, घटना की शुरुआत 14 फरवरी की रात से हुई, जब मठिया गांव निवासी पूजन सिंह के घर उनके बेटे का तिलक समारोह था। खुशियों का माहौल तब गम में बदल गया जब समारोह के ठीक एक दिन बाद पूजन सिंह का दूसरा बेटा, लल्लू सिंह गंभीर रूप से बीमार पड़ गया और 16 फरवरी को उसकी अचानक मौत हो गई। सिर्फ इतना ही नहीं, इसी बीच खबर आई कि लल्लू सिंह के रिश्तेदार अभिजीत सिंह,गरहथा निवासी राहुल कुमार की भी तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मौतों का सिलसिला यहीं नहीं थमा; खबर है कि समारोह में खाना बनाने आए अकोढ़ीगोला के दो रसोइयों की भी अपने घर लौटने के बाद मौत हो गई है। एक के बाद एक पांच लोगों की मौत की सूचना से गांव में हड़कंप मच गया।

उत्पाद विभाग की टीम ने शुरू की जांच

पांच लोगों की मौत की खबर फैलने के बाद जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग हरकत में आया। बुधवार को उत्पाद विभाग के सहायक आयुक्त तारिक महमूद के नेतृत्व में एक टीम गांव पहुँची और परिजनों से पूछताछ की। अधिकारियों का कहना है कि वे हर पहलू की जांच कर रहे हैं। रोहतास एसपी रोशन कुमार ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। एसपी ने बताया कि जांच के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया है जो गांव में रहकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मौतें बीमारी से हुई हैं या इसके पीछे कोई और घातक कारण है। हालांकि, शुरुआती बातचीत में एक मौत के पीछे कुत्ते के काटने की बात भी सामने आई है, लेकिन एक साथ पांच मौतों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जांच के बाद ही अब घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा। आशंका जताई जा रही है कि इन मौतों के पीछे जहरीली शराब का सेवन एक बड़ी वजह हो सकता है। हालांकि, जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार कर रहे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static