''डिजिटल अरेस्ट'' के जरिए ठगे सवा करोड़, बिहार से लेकर दुबई तक फैलाया हुआ था जाल; ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे शातिर अपराधी
Thursday, Feb 12, 2026-10:12 AM (IST)
Bihar Cyber Crime News : बिहार के भागलपुर जिले में साइबर डिजिटल गिरफ्तारी के माध्यम से करीब सवा करोड़ रुपए ठगी के मामले में पुलिस ने मधुबनी से एक अपराधी को गिरफ्तार किया है।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि स्थानीय साइबर थाने में दर्ज इस मामले में लिप्त साइबर अपराधी के मधुबनी जिले में छिपे रहने की सूचना पर नगर पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष, साइबर थाना के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मधुबनी जिले के विस्पी क्षेत्र में संदिग्ध के पैतृक घर पर छापेमारी की।
एसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि इस दौरान पुलिस टीम ने साइबर अपराधी मो. गुफरान को गिरफ्तार किया है। टीम को जाँच के बाद यह ज्ञात हुआ है कि वह हरियाणा के फरीदाबाद शहर में एक संगठित अवैध फाइनेंशियल नेटवर्क चलाता है, जिसके माध्यम से साइबर अपराध में ट्रांजेक्शन की गई राशि को विदेश भेज देता है।
प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि उक्त अपराधी का दुबई सहित विदेश के कई शहरों में नेटवर्क है। उसने इस नेटवर्क के माध्यम से भागलपुर शहर के रहने वाले इस कांड के पीड़ित से डिजिटल गिरफ्तारी के जरिए ठगी गई राशि (करीब सवा करोड़) को विदेश भेजा है। इधर टीम ने मो.गुफरान से कड़ी पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में लिप्त अन्य साइबर अपराधियों की पहचान तथा गिरफ्तारी हेतु छापेमारी शुरू कर दी है।

