''प्लेब्वॉय'' बनाने और धनी ऐप के नाम पर महाठगी: 9 राज्यों के लोगों से करोड़ों लूटे, पुलिस ने 3 अपराधियों को दबोचा
Friday, Apr 10, 2026-01:11 PM (IST)
Bihar News : बिहार के पटना से एक बड़ा और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक गिरोह ने प्लेब्वॉय बनाने और धनी ऐप द्वारा लोन दिलाने के नाम पर अलग-अलग राज्यों के लोगों को निशाना बनाया और करोड़ों रुपये की ठगी को अंजाम दिया। मामले की जानकारी मिलने पर स्थानीय पुलिस हरकत में आई और पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए कार्रवाई शुरू की गई। वहीं पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया।
मिली जानकारी के अनुसार, मामले में पुलिस ने पटना के शिव नगर स्थित ममता कुंज अपार्टमेंट में पुलिस ने छापेमारी की, जहां से तीन युवकों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की पहचान नवादा जिले के वारिसलीगंज निवासी गुलशन कुमार, शुभम राज और शाहपुर निवासी विक्की कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, ये आरोपी लोगों को प्लेब्वॉय बनाने और धनी ऐप के जरिए लोन दिलाने का झांसा का देकर उनसे पैसे ठग लेते थे।
छापेमारी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से एक लैपटॉप, 11 मोबाइल फोन और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं, जो ठगी के नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग माने जा रहे हैं।पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले चार महीनों से पटना में रहकर इस पूरे नेटवर्क को चला रहे थे। इनमें से गुलशन कुमार और शुभम राज स्नातक तक पढ़े हुए हैं, जबकि विक्की कुमार इंटर का छात्र है। पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह का मास्टरमाइंड गुलशन कुमार ही है, जो पूरे ऑपरेशन को संचालित करता था। फिलहाल साइबर पुलिस जांट में जुटी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और ठगी की कुल रकम कितनी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

