बिहार में बाढ़ से निपटने के लिए सरकार का मास्टर प्लान, 1,117 करोड़ रुपये की 384 योजनाओं को दी मंजूरी
Friday, Apr 03, 2026-01:44 PM (IST)
Bihar News : बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद की 66वीं बैठक में 1,117.27 करोड़ रुपये की 384 बाढ़ सुरक्षात्मक योजनाओं को मंजूरी दी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, इस बैठक में 30 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली पांच प्रमुख योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इन योजनाओं पर कुल 340.17 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि एक योजना दरभंगा स्थित एम्स के आस-पास जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए रिंग बांध निर्माण से संबंधित है। जल संसाधन मंत्री एवं बिहार राज्य बाढ़ नियंत्रण परिषद के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी ने बैठक की अध्यक्षता की।
मंत्री ने बैठक को संबोधित करते हुए राज्य के सभी तटबंधों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियंताओं से कहा कि वे स्वयं स्थल निरीक्षण करें और संबंधित रिपोर्ट विभाग को सौंपें। साथ ही, स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर सभी संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा करने को कहा गया। विजय कुमार चौधरी ने कहा कि योजनाओं के कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की समस्या होने पर विभाग को तत्काल सूचित किया जाए। बैठक में 92.66 करोड़ रुपये की लागत से दरभंगा स्थित एम्स को जलजमाव से मुक्त करने के लिए रिंग बांध, नालियां, पंप हाउस निर्माण की योजना पर भी चर्चा की गई।

