दरभंगा लूट कांड पर भड़के Tejashwi Yadav, बोले- प्रदेश में अपराधी बेखौफ, सरकार निष्क्रिय
Saturday, Apr 04, 2026-02:24 PM (IST)
Tejashwi Yadav News: बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तथा राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को दरभंगा में दिनदहाड़े स्वर्ण व्यवसायी की दुकान से हथियार के बल पर लाखों के जेवरात लूटे जाने पर चिंता जताई और कहा कि प्रदेश में अपराधी बेखौफ होकर घूम रहे हैं और सरकार की निष्क्रियता से आसानी से बड़ी वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने कहा कि दिनदहाड़े सरेआम इस तरह अपराधी खुलेआम लूट कर गायब हो रहे हों, तो समझना मुश्किल नहीं कि बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति कितनी बदहाल हो चुकी है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार में व्यापारी, आम नागरिक, महिला कोई भी सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।
राजद नेता ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)-जनता दल यूनाईटेड (जदयू) प्रदेश में नीतीश कुमार के बाद कौन मुख्यमंत्री, इस जोड़ तोड़ में व्यस्त है।

