प्रेम विवाह के 3 साल बाद विवाहिता की संदिग्ध मौत, पति पर लगा हत्या का आरोप; जांच में जुटी पुलिस
Monday, Feb 09, 2026-11:12 AM (IST)
Bihar News : बिहार के नवादा जिले से एक सनसनीखेज खबर निकलकर सामने आ रही है। यहां एक विवाहिता का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मायके पक्ष का आरोप है कि दहेज न मिलने के कारण पति और ससुराल वालों ने जहर देकर मार डाला। पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है।
ससुराल वाले करते थे पैसों की मांग
मिली जानकारी के अनुसार, घटना नवादा जिले के मिल्की ढिवरी गांव की है। मृतका शोभा देवी और पिंटू कुमार के बीच लंबे समय तक प्रेम संबंध थे। जिसके बाद फरवरी 2023 में दोनों की शादी हुई थी। मृतका के मायके वालों का आरोप है कि शादी के थोड़े देर बाद ही पति और ससुराल वालों के रवैये में बदलाव आने लगा। पिंटू के परिवार ने 2 लाख रुपये दहेज की मांग शुरू कर दी थी। मायके वालों ने जैसे-तैसे 30 हजार रुपये दिए, लेकिन बाकी की रकम न मिलने पर शोभा को लगातार प्रताड़ित किया जाने लगा। अब उसके पति और ससुराल वालों ने जहर देकर मार डाला। वहींं ससुराल पक्ष आरोपों को बेबुनियाद बता रहा है। मृतका की सास मीना देवी का कहना है कि शोभा अक्सर छोटी-छोटी बातों पर जहर खाने की धमकी देती थी। उन्होंने दावा किया कि शोभा ने खुद आत्महत्या की है। शोभा को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी पुलिस
इधर घटना की सूचना मिलते ही नवादा पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या शोभा को जबरन जहर दिया गया या उसने दबाव में आकर मौत को गले लगाया। फिलहाल गहन छानबीन के साथ ही मामले का खुलासा हो सकेगा।

