युवक की हत्या कर अस्पताल में मरीज बनकर भर्ती हुआ मुख्य आरोपी, पुलिस ने वार्ड से खींचकर डाला सलाखों के पीछे; जानें पूरा मामला
Monday, Feb 09, 2026-10:00 AM (IST)
Bihar News : बिहार के नवादा जिले में एक युवक की गला घोंट कर हत्या कर दी गई है। वहीं पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सर्जिकल वार्ड में छिपा था आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला पकरीबरावां थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव का है, जहां गुरुवार यानी 5 फरवरी 2026 को 21 वर्षीय सुभाष कुमार की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई थी। नवादा पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने छापेमारी के दौरान मुख्य आरोपी सुनील कुमार को सदर अस्पताल के सर्जिकल वार्ड से गिरफ्तार किया। आरोपी ने खुद को मरीज के रूप में अस्पताल में भर्ती करा लिया था, फिर भी पुलिस की गिरफ्त से बच नहीं सका। पुलिस ने 24 घंटों में मामला सुलझा लिया।
सरस्वती पूजा के विवाद ने ली इकलौते बेटे की जान
एसडीपीओ राकेश कुमार भास्कर ने घटना के कारणों का खुलासा करते हुए बताया कि हत्या के पीछे की वजह सरस्वती पूजा के दौरान हुआ एक मामूली विवाद था। पूजा के दौरान डीजे पर गाना बजाने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया था। विवाद मारपीट और धमकियों तक बढ़ गया। इसी रंजिश के चलते एक खौफनाक घटना को अंजाम दिया गया। बताया जा रहा है कि सुभाष कुमार अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है।

