आगे पेट्रोल पंप और पीछे 'वो वाला' काम.. 200 रुपये में दिया जा रहा था कमरा; वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने मारा छापा

Monday, Apr 13, 2026-02:24 PM (IST)

मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक पेट्रोल पंप परिसर में लंबे समय से चल रहे अवैध देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। इस मामले का खुलासा एक वीडियो के वायरल होने के बाद हुआ, जिसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, मामला जिले के अहियापुर थाना अंतर्गत गरहां ओपी क्षेत्र का है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहे वीडियो में चौंकाने वाले दावे किए गए हैं। वीडियो के अनुसार, पेट्रोल पंप के पिछले हिस्से में बने कमरों को अनैतिक कार्यों के लिए मात्र 200 रुपये के किराए पर उपलब्ध कराया जा रहा था। 

वीडियो के संज्ञान में आते ही अहियापुर पुलिस हरकत में आई और रविवार को पेट्रोल पंप परिसर में दलबल के साथ छापेमारी की गई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही वहां मौजूद संदिग्ध और इस धंधे से जुड़े लोग फरार होने में सफल रहे। पुलिस ने मौके से कुछ साक्ष्य जुटाए हैं और फरार आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।

अहियापुर थानाध्यक्ष रोहन कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा हम पेट्रोल पंप के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रहे हैं ताकि वहां आने-जाने वाले संदिग्धों की पहचान की जा सके। पेट्रोल पंप संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static