मां और 2 बेटियों की जहर से मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप; मायके वाले बोले- बेटा न होने पर करते थे प्रताड़ित
Wednesday, Feb 04, 2026-10:27 AM (IST)
Bihar News : बिहार के नालंदा जिले से एक बेहद ही दुखद और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला और उसकी दो बेटियों की जहर से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और लोगों के बीच कई तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना नालंदा जिले के रहुई थाना क्षेत्र अंतर्गत जगतनंदनपुर गांव की बताई जा रही है। मृतकों की पहचान पिंटू यादव की पत्नी 27 वर्षीय कविता कुमारी, उनकी 5 वर्षीय बेटी सपना कुमारी और डेढ़ वर्ष की बेटी गुंजन कुमारी के रूप में हुई है। तीनों को गंभीर हालत में पावापुरी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
मृतका के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कविता को बेटा नहीं होने के कारण लगातार प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि इसी वजह से ससुराल वालों ने साजिश के तहत खाने में जहर मिलाकर तीनों की हत्या कर दी। मायके पक्ष का यह भी दावा है कि बीते छह दिनों से कविता और उसकी बेटियों को घर में खाना नहीं दिया जा रहा था। मजबूरी में वह पड़ोसियों के घर से भोजन कर रही थी। आरोप है कि मंगलवार की शाम ससुराल वालों ने ही भोजन कराया, जिसमें जहर मिलाया गया था। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि कविता ने खुद ही बेटियों संग जहर खाकर मौत को गले लगाया है।
इलाज के दौरान तोड़ा दम, ससुराल वाले फरार
जब तीनों की तबीयत बिगड़ी तो ससुराल वाले उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाकर फरार हो गए। इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। इधर घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजन के हवाले कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

