RJD के भाई बिरेंद्र ने जनसंख्या नियंत्रण कानून को बताया RSS का एजेंडा

Wednesday, Jul 14, 2021-02:47 PM (IST)

 

पटनाः बिहार की मुख्य विपक्षी राजद ने उत्तर प्रदेश में जनसंख्या नियंत्रण कानून लागू करने के फैसले को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) का एजेंडा करार दिया है।

राजद के मुख्य प्रवक्ता और पार्टी के मनेर से विधायक भाई बिरेंद्र ने स्पष्ट रूप से कहा कि यह आरएसएस का एजेंडा है। एक संप्रदाय के लोगों के खिलाफ इस तरह का कानून बना कर घेरने की कवायद की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि कोई भी कानून देश में या फिर प्रदेश में बने तो उसके लिए पहले सर्वदलीय बैठक बुलाकर सब की राय ली जानी चाहिए। इसके बाद जो भी राय बने वैसा कार्य होना चाहिए।

राजद विधायक ने कहा कि फिलहाल जनसंख्या नियंत्रण पर कोई कानून नहीं बनना चाहिए। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ठीक ही कहा है पहले लोगों को शिक्षित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि कुमार की बात तो सही है लेकिन पिछले 15 वर्षों से वह मुख्यमंत्री हैं और उन्होंने राज्य में शिक्षा का बंटाधार कर दिया है। प्रदेश में शिक्षा का स्तर और भी गिर गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुमार आरएसएस के मॉडल पर चलना चाह रहे हैं। मुख्यमंत्री को स्पष्ट तौर पर लोगों के समक्ष आकर कहना चाहिए कि वह इस कानून या ऐसे मॉडल को बिहार में लागू नहीं करेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News

static