अतिक्रमण हटाने गए पुलिस प्रशासन पर आक्रोशित लोगों ने किया हमला, सीओ समेत कई पुलिसकर्मी घायल

Saturday, Nov 05, 2022-06:38 PM (IST)

 

मोतिहारीः बिहार के मोतिहारी जिले में अतिक्रमण हटाने गए पुलिस प्रशासन पर आक्रोशित लोगों ने हमला कर दिया है। इस हमले में सीओ सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज अलग अलग जगहों पर किया जा रहा हैं।

ईंट पत्थर व लाठी डंडों से किया हमला 
जानकारी के मुताबिक, मामला मोतिहारी जिले के चिरैया थाना क्षेत्र के परतापुर चौक का है। बताया जा रहा है कि पुलिस प्रशासन सड़क की जमीन पर अतिक्रमण कर बनाए गए घरों को हटाने गया था। इसी बीच आक्रोशित लोगों ने ईंट पत्थर और लाठी डंडों से हमला कर दिया। इसमें सीओ आनंद कुमार गुप्ता, राजस्व अधिकारी नेहा कुमारी,राजस्व कर्मचारी प्रेम किशोर सिंह, बच्चा बिहारी सिंह, म.शफी आजाद सहित आधा दर्जन पुलिसकर्मी घायल हो गए है। सभी घायलों का इलाज अलग अलग जगहों पर हो रहा है। हमलावरों के आक्रोश को देखते हुए वहां तैनात पुलिस कर्मियों और अंचल प्रशासन को जान बचा कर भागना पड़ा।

आक्रोशित लोगों ने सड़क पर लगाया जाम
वहीं आक्रोशित ग्रामीणों ने टायर जलाकर ढाका मोतिहारी मुख्य पथ को परतापुर चौक पर करीब एक घंटे तक जाम कर दिया। इसके बाद ढाका के पुलिस इंस्पेक्टर जयप्रकाश नारायण सिंह के मौके पर पहुंचे और पुलिस ने सड़क जाम को हटवाया। तब जाकर यातायात बहाल हुआ।

2 हमलावरों को हिरासत में लिया गया
इस घटना में अतिक्रमण हटाने गया जेसीबी सहित पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए है। घटना के बाद बाद पुलिस ने 2 हमलावरों को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। बता दें कि मामले में जानकारी देते हुए सीओ आनंद कुमार गुप्ता ने बताया कि हाई कोर्ट के निर्देश पर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जा रहा था। इसी दौरान लोगों ने ईंट पत्थर और लाठी डंडा से हमला कर दिया है।  


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static