बिहार में अब चढ़ने लगा पारा...20 जिलों में 'हीट वेव' का अलर्ट, कई इलाकों में "लू" जैसी स्थिति
Sunday, Apr 16, 2023-02:55 PM (IST)

पटना: बिहार में अप्रैल में ही भीषण गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए हैं। राज्य के 16 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है। मौसम विभाग (Meteorological Department) के अनुसार, 20 अप्रैल तक प्रदेश के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।
20 अप्रैल तक राज्य के लोगों को नहीं मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विज्ञान विभाग का कहना है कि आज यानी रविवार को राज पटना, गया, शेखपुरा, बेगूसराय, नवादा, लखीसराय, अररिया, मधेपुरा, किशनगंज, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, सुपौल, जहानाबाद, नालंदा, मुंगेर, खगड़िया, भागलपुर, जमुई, बांका, मुंगेर सहित कई इलाकों में प्रचंड गर्मी की स्थिति बनी रहेगी। वहीं लगभग 68 प्रखंडों में "लू" जैसी स्थिति हैं। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो आज से करीब 4-5 दिन बाद बिहार के अधिकांश भागों में तापमान 42 से 44 डिग्री तक जा सकता है। विशेषकर दक्षिणी जिलों में जैसे बांका, कटिहार, जमुई, भागलपुर आदि में तापमान बढ़ेगा। 20 अप्रैल तक राज्य के लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है। 21 अप्रैल के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
कई जिलों का तापमान 40 के पार
बता दें कि बीते शनिवार को औरंगाबाद जिले में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि गया में अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भागलपुर और सुपौल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेखपुरा में अधिकतम तापमान 42.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोजपुरी में अधिकतम तापमान 41.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वैशाली में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पूर्णिया में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री, वैशाली 41.1 डिग्री, खगड़िया 42.2 डिग्री, बांका 41.4 डिग्री, नवादा 41.6 डिग्री, नालंदा 42.4 डिग्री, सीवान 40.6 डिग्री, रोहतास 41.8 डिग्री और जमुई में अधिकतम तापमान 41.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
गौरतलब हो कि पटना जिला प्रशासन ने बीते शुक्रवार को राज्य की राजधानी में सभी स्कूल प्राधिकारियों को स्कूलों के समय में संशोधन करने और छात्रों को ‘हीट स्ट्रोक' से बचाने के लिए दिशा-निर्देश जारी करने का निर्देश दिया।