Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया कुम्हरार पार्क का निरीक्षण, सौंदर्याकरण के लिए केंद्र को पत्र लिखने का दिया निर्देश

Friday, Jan 02, 2026-09:06 PM (IST)

Bihar News: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राजधानी पटना स्थित ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक धरोहर कुम्हरार पार्क का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मगध साम्राज्य काल से जुड़े महत्वपूर्ण पुरावशेषों, मौर्यकालीन संरचनाओं और पाटलिपुत्र की प्राचीन विरासत को नजदीक से देखा।

PunjabKesari

मगध और मौर्यकालीन विरासत का किया अवलोकन

निरीक्षण के क्रम में मुख्यमंत्री ने कुम्हरार पार्क परिसर में संरक्षित मौर्यकालीन 80 स्तंभों वाले विशाल सभागार से जुड़े अवशेषों का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने बुलंदीबाग उत्खनन, कुम्हरार उत्खनन और मगध कालीन स्थापत्य से संबंधित सूचना पटों को भी देखा।

PunjabKesari

मुख्यमंत्री ने कृष्णदेव स्मृति सभागार स्थित पाटलिपुत्र दीर्घा में लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया, जिसमें कुम्हरार की मौर्य वास्तुकला, पाटलिपुत्र की कला-संस्कृति और उत्खनन से प्राप्त भग्नावशेषों को दर्शाया गया है।

कुम्हरार पार्क के बेहतर विकास के लिए केंद्र को पत्र लिखने का निर्देश

अधिकारियों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि कुम्हरार पार्क भारत सरकार के अधीन है और इसका रखरखाव भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग (ASI) द्वारा किया जा रहा है।

PunjabKesari

इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कुम्हरार पार्क मगध साम्राज्य से जुड़ा एक अत्यंत महत्वपूर्ण और प्राचीन स्थल है, जहां बड़ी संख्या में देश-विदेश से पर्यटक, शोधार्थी और इतिहास में रुचि रखने वाले लोग आते हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कुम्हरार पार्क परिसर के समग्र विकास, सौंदर्याकरण और बेहतर रखरखाव के लिए भारत सरकार को पत्र लिखा जाए।

पाटलिपुत्र का गौरवशाली इतिहास

प्राचीन काल में पटना को पाटलिपुत्र के नाम से जाना जाता था। छठी शताब्दी ईसा पूर्व में भगवान बुद्ध के समय यह पाटलिग्राम नामक एक छोटा गांव था। मगध नरेश अजातशत्रु ने वैशाली के लिच्छवियों से रक्षा के लिए यहां किलेबंदी करवाई थी।

PunjabKesari

बाद में राजा उदयन ने रणनीतिक और व्यापारिक कारणों से राजधानी को राजगृह (राजगीर) से पाटलिपुत्र स्थानांतरित किया। यूनानी राजदूत मेगास्थनीज ने अपनी पुस्तक इंडिका में पाटलिपुत्र (पालिबोथरा) का विस्तृत वर्णन किया है।

उत्खनन से मिले ऐतिहासिक साक्ष्य

PunjabKesari

वर्ष 1912-15 और 1951-55 में हुए उत्खनन के दौरान कुम्हरार में मौर्यकालीन 80 स्तंभों वाला विशाल सभागार, लकड़ी के खंभों से बनी प्राचीर, नालियां और पॉलिश किए गए स्तंभों के अवशेष मिले थे। भू-जल स्तर बढ़ने और शहरी विकास के कारण पुरावशेष जलमग्न होने लगे, जिसके बाद 2005 में विशेषज्ञ समिति की अनुशंसा पर इन्हें मिट्टी और बालू से ढक दिया गया।

निरीक्षण के दौरान ये रहे मौजूद

PunjabKesari

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार,सचिव कुमार रवि, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस. एम.और भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static