जानें कौन हैं जनरल सैयद अता हसनैन, जिन्हें केंद्र ने सौंपी बिहार की कमान

Friday, Mar 06, 2026-01:00 PM (IST)

बिहार डेस्क : बिहार में सत्ता परिवर्तन की अटकलों के बीच राष्ट्रपति भवन ने सूबे के नए राज्यपाल के नाम पर मुहर लगा दी है। भारतीय सेना के दिग्गज रणनीतिकार और पूर्व सैन्य सचिव लेफ्टिनेंट जनरल (रिटायर्ड) सैयद अता हसनैन को बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कौन हैं जनरल हसनैन? 

जनरल सैयद अता हसनैन को भारतीय सेना के सबसे विद्वान और रणनीतिक सैन्य अधिकारियों में गिना जाता है। 40 साल तक वर्दी की सेवा करने वाले हसनैन ने कश्मीर घाटी में 15वीं चिनार कोर की कमान संभाली थी। घाटी में तैनाती के दौरान उन्होंने बंदूक के बजाय 'दिलों को जीतने' की नीति अपनाई। उन्होंने सुरक्षा अभियानों के साथ-साथ आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया, जिसे कश्मीर में शांति बहाली की दिशा में क्रांतिकारी कदम माना गया।

शिक्षा और अनुभव

जनरल हसनैन की शैक्षणिक पृष्ठभूमि जितनी मजबूत है, उनका अनुभव उतना ही वैश्विक।

नैनीताल के प्रतिष्ठित शेरवुड कॉलेज से स्कूली शिक्षा और दिल्ली विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातक किया।

लंदन के 'रॉयल कॉलेज ऑफ डिफेंस स्टडीज' से रक्षा रणनीतियों की पढ़ाई की।

हवाई (USA) स्थित 'एशिया पैसिफिक सेंटर फॉर सिक्योरिटी स्टडीज' से वैश्विक सुरक्षा का प्रशिक्षण लिया।

गढ़वाल राइफल्स से राजभवन तक का सफर

इंडियन मिलिट्री एकेडमी (IMA) से पासआउट होने के बाद उन्होंने गढ़वाल राइफल्स (4th Battalion) में कमीशन प्राप्त किया। उन्होंने सेना की प्रमुख स्ट्राइक फोर्स '21 कोर' का नेतृत्व किया और 2013 में सैन्य सचिव के पद से सेवानिवृत्त हुए। रिटायरमेंट के बाद वे कश्मीर केंद्रीय विश्वविद्यालय के चांसलर भी रहे।

परिवार और निजी जीवन

जनरल हसनैन की पत्नी सबीहा हसनैन एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में वरिष्ठ कार्यकारी हैं और उनकी दो बेटियां हैं। एक प्रखर वक्ता और लेखक के रूप में वे अक्सर राष्ट्रीय सुरक्षा और भू-राजनीति पर अपनी बेबाक राय रखते रहे हैं।

इन पदकों से हुए सम्मानित

देश की सुरक्षा में उनके योगदान के लिए उन्हें कई बार सम्मानित किया गया है:

.परम विशिष्ट सेवा पदक 

.उत्तम युद्ध सेवा पदक

.अति विशिष्ट सेवा पदक 

.सेना पदक और विशिष्ट सेवा पदक

.सियाचिन ग्लेशियर मेडल और संयुक्त राष्ट्र (UN) मिशन पदक


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static