दिल्ली की सियासत में नीतीश की वापसी, जानिए केंद्र में कब-कब कौन-सा मंत्रालय संभाला

Friday, Apr 10, 2026-11:12 AM (IST)

Nitish Kumar : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ लेकर अपनी संसदीय पारी का नया आगाज करेंगे। दिल्ली पहुंचने पर उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि हम वहां का छोड़कर यहां आए हैं, तो अब यहां का काम करेंगे। कुछ दिनों बाद वहां जाकर नई व्यवस्था कर देंगे। उनके इस बयान को बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है। 

जानिए कौन-कौन सा मंत्रालय संभाला

नीतीश कुमार का दिल्ली से रिश्ता 1989 में शुरू हुआ था जब वे पहली बार लोकसभा पहुंचे। वीपी सिंह सरकार में कृषि राज्य मंत्री रहने के बाद अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में उनका कद तेजी से बढ़ा। उन्होंने 1998 में उन्हें रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई। वाजपेयी सरकार के कार्यकाल के दौरान नीतीश कुमार ने अलग-अलग समय पर कई अन्य महत्वपूर्ण मंत्रालयों की बागडोर संभाली। 1998 और 1999 के बीच उन्होंने भूतल परिवहन मंत्री का अतिरिक्त प्रभार संभाला। इसके बाद नवंबर 1999 में उन्होंने देश के कृषि मंत्री के रूप में कार्य किया।

रेल हादसे के बाद मंत्री पद से दिया इस्तीफा

नीतीश कुमार को 1998 मेंं पहली बार रेल मंत्रालय सौंपा गया। 1999 के गैसल रेल हादसे के बाद उन्होंने नैतिकता के आधार पर इस्तीफा देकर एक मिसाल पेश की थी। साल 2001 में नीतीश कुमार एक बार फिर रेल मंत्री बने। उन्होंने ही IRCTC की शुरुआत की और ऑनलाइन टिकट बुकिंग की नींव रखी। उन्होंने 17,000 करोड़ रुपये का सुरक्षा कोष बनाया और तत्काल कोटा जैसी सुविधाएं शुरू कीं।

चारों सदनों के सदस्य होने का मिलेगा गौरव

नीतीश कुमार ने 1985 में बिहार विधानसभा से अपनी पारी शुरू की थी। वे 6 बार लोकसभा सांसद रहे और मुख्यमंत्री बनने के बाद 4 बार विधान परिषद के सदस्य चुने गए। वहीं आज नीतीश राज्य सभा सदस्य के रुप में शपथ लेने जा रहे है। जिसके साथ उन्हें चारों सदनों के सदस्य होने का गौरव प्राप्त हो जाएगा।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static