नरेंद्र नारायण यादव बने बिहार विधानसभा के डिप्टी स्पीकर, 8 बार के विधायक का बढ़ा कद
Thursday, Dec 04, 2025-12:22 PM (IST)
Narendra Narayan Yadav: जदयू के वरिष्ठ विधायक नरेंद्र नारायण यादव को 18वीं बिहार विधानसभा का उपाध्यक्ष चुना गया। केवल एक नामांकन होने के कारण उन्हें निर्विरोध जीत मिली। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उनके नाम का प्रस्ताव पेश किया, जिसे मंत्री विजय कुमार चौधरी ने समर्थन दिया।
पहले भी निभा चुके हैं महत्वपूर्ण भूमिकाएं
नरेंद्र नारायण यादव इससे पहले मौजूदा विधानसभा में प्रोटेम स्पीकर की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। इससे पहले भी 17वीं विधानसभा में वे सर्वसम्मति से उपाध्यक्ष चुने गए थे। जदयू के सबसे अनुभवी एवं प्रभावशाली विधायकों में उनकी गिनती होती है। मधेपुरा जिले के आलमगंज विधानसभा क्षेत्र से आने वाले यादव पहली बार 1995 में विधानसभा पहुंचे थे। वर्ष 2025 के चुनाव में उन्होंने लगातार आठवीं जीत हासिल कर अपनी राजनीतिक मजबूत पकड़ को और मजबूत किया। वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कैबिनेट में मंत्री भी रह चुके हैं।
लगातार आठ बार विधायक बनने और कई महत्वपूर्ण पदों पर काम करने के बाद नरेंद्र नारायण यादव की यह नियुक्ति जदयू के अंदर उनके बढ़ते कद को दर्शाती है। विधानसभा संचालन में उनकी भूमिका आने वाले समय में और भी अहम मानी जा रही है।

