बिहार में प्रशासनिक फेरबदल, राज्यसभा चुनाव के बीच विधानसभा सचिव ख्याति सिंह का ट्रांसफर
Monday, Mar 16, 2026-12:02 PM (IST)
Bihar News : बिहार में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए जारी सियासी घमासान के बीच एक बड़े प्रशासनिक फेरबदल ने सबको चौंका दिया है। मतदान से ठीक पहले रविवार की शाम बिहार विधानसभा की सचिव ख्याति सिंह के तबादले का आदेश जारी कर दिया गया। इस महत्वपूर्ण चुनाव के दौरान मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर (RO) की भूमिका निभा रहीं अधिकारी का अचानक तबादला चर्चा का विषय बन गया है।
वोटिंग से ठीक पहले बड़ा फेरबदल
राज्यसभा चुनाव की वोटिंग प्रक्रिया शुरू होने से कुछ घंटे पहले ही अधिसूचना जारी की गई, जिसके तहत विधानसभा सचिव ख्याति सिंह को अब पटना उच्च न्यायालय (Patna High Court) भेज दिया गया है। ख्याति सिंह न केवल सचिव के पद पर तैनात थीं, बल्कि चुनाव के सफल संचालन की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के पास थी।
चुनाव प्रक्रिया पर क्या होगा असर?
भले ही ख्याति सिंह के तबादले का नोटिफिकेशन जारी हो गया है, लेकिन वे वर्तमान में विधानसभा में ही अपनी सेवाएं दे रही हैं। प्रशासनिक नियमों के अनुसार, नई तैनाती पर कार्यभार संभालने से पहले तक वे अपने वर्तमान पद की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर सकती हैं। यही वजह है कि आज चुनाव के दिन वे विधानसभा में मौजूद हैं और मुख्य रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करा रही हैं। अब सबकी नजरें इस पर हैं कि चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद विधानसभा के नए सचिव की कमान किसे सौंपी जाएगी।

