Bihar Crime News: नालंदा में पुलिस का बड़ा एक्शन, 76.5 किलो गांजा के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Sunday, Dec 21, 2025-09:52 PM (IST)
Bihar Crime News: नालंदा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भागनबिगहा थाना क्षेत्र में पुलिस ने आधी रात छापेमारी कर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है और दो तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुसेपुर गांव में एक खलिहान में गांजा छिपाकर रखा गया है। सूचना के आधार पर वरीय अधिकारियों को अवगत कराते हुए मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कार्रवाई की गई। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची और खलिहान की घेराबंदी की तो एक आरोपी भागने लगा, जबकि दूसरा छिपने की कोशिश करने लगा। पुलिस बल की तत्परता से दोनों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनोज यादव और सन्दु यादव के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने गांजा तस्करी में संलिप्त होने की बात स्वीकार की। इसके बाद मजिस्ट्रेट के समक्ष खलिहान की तलाशी ली गई, जहां से 14 बंडल गांजा, कुल वजन 76.5 किलोग्राम बरामद किया गया।
बरामद मादक पदार्थ को विधिवत जब्त करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 8/20(B)(ii)(C) के तहत केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नालंदा जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

