समस्तीपुर में मुखिया मनोरंजन गिरी का Murder, गोलियों से भून उतारा मौत के घाट; फैली सनसनी
Friday, Sep 26, 2025-09:54 AM (IST)

समस्तीपुर: बिहार में समस्तीपुर जिले के उजियारपुर थाना क्षेत्र के सातनपुर चौक के समीप अपराधियों ने गुरुवार की रात करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी की गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि जिले के करिहारा पंचायत के मुखिया मनोरंजन गिरी (50) गुरुवार रात सातनपुर चौक के पास थे। इसी दौरान अपराधियों ने उनकी गोली मारकर हत्या कर दी। वहीं इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में भय तथा दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि मनोरंजन गिरी कई आपराधिक मामलों में शामिल था।
इधर हत्याकांड के खिलाफ मुखिया समर्थकों ने शव के साथ घटनास्थल पर एन.एच. 28 को जाम कर दिया है। जाम के कारण मुसरीधरारी -बरौनी मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। घटनास्थल पर पुलिस पदाधिकारी बल के साथ पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हुए हैं।