मुख्यमंत्री के दौरे से पहले मर्डर, युवक को बेरहमी से पीटा..फिर ईंट से सिर कुचलकर मार दी गोली, मचा हड़कंप
Monday, Feb 02, 2026-06:45 PM (IST)
Patna Murder : बिहार की राजधानी पटना के पंडारक थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रस्तावित दौरे से कुछ घंटे पहले एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी। साथ ही कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
दस मीटर तक सड़क पर फैला खून
मृतक की पहचान महुवारी गांव निवासी अमृत कुमार के रूप में हुई है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अमृत कुमार बाइक से घर से निकला था, लेकिन कुछ ही देर बाद उसका शव सड़क किनारे पड़ मिला। शव के पास खून से सनी एक ईंट बरामद हुई है, जबकि करीब दस मीटर तक सड़क पर खून फैला पाया गया।
शरीर पर गंभीर चोट के कई निशान
प्रारंभिक जांच में मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के कई निशान मिले हैं। पुलिस का कहना है कि पहले ईंट से सिर पर वार किया गया और उसके बाद गोली मारकर उनकी हत्या की गई। हालांकि, हत्या के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है।
मोबाइल फोन भी बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है। घटनास्थल से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या से जुड़े सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है।

