300 के उधार पर सरेआम मर्डर, बाइक मैकेनिक के सिर में गोली मारकर हत्या; इलाके में फैली सनसनी
Thursday, Apr 02, 2026-11:04 AM (IST)
Bihar Crime News : बिहार के कटिहार से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है, जहां एक मामूली विवाद में कुछ बदमाशों ने एक बाइक मैकेनिक के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। वहीं इस घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना पूर्वी करीमुल्लापुर पंचायत के रघुनाथपुर केवला गांव की है। यहां के निवासी मोहम्मद साबिर गांव में ही अपनी बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाते थे। पुलिस के अनुसार, बैरिया निवासी जारुल अपनी अपाचे बाइक ठीक कराने साबिर के पास आया था। मरम्मत के बाद कुल 2,300 रुपये का बिल बना, जिसमें से जारुल ने 2,000 रुपये का भुगतान किया।
सिर में सटाकर मारी गोली
वहीं जब साबिर ने बाकी के 300 रुपये मांगे, तो जारुल विवाद करने लगा। बहस इतनी बढ़ गई कि जारुल ने अपना आपा खो दिया और कट्टा निकालकर सीधे साबिर के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही साबिर जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वहीं इस हत्या से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस की कार्रवाई: मुख्य आरोपी गिरफ्तार
वारदात की सूचना मिलते ही मनिहारी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) विनोद कुमार और थानाध्यक्ष कुंदन कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी जारुल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में संलिप्त अन्य संदिग्धों की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है।

