खाकी हुई शर्मसार! SHO का ऑडियो वायरल...पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
Friday, Mar 20, 2026-07:19 PM (IST)
Bihar News: बिहार के औरंगाबाद जिले में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर विवादों के घेरे में है। ताजा मामला ढिबरा थाना का है, जहां थानाध्यक्ष (SHO) रितेश उपाध्याय पर एक पीड़ित दंपत्ति के साथ बेहद शर्मनाक व्यवहार और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना का कथित ऑडियो सार्वजनिक होने के बाद जिला पुलिस प्रशासन बचाव की मुद्रा में नजर आ रहा है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, एक दंपत्ति अपनी किसी समस्या की शिकायत लेकर ढिबरा थाना पहुंचा था। आरोप है कि थानाध्यक्ष रितेश उपाध्याय ने उनकी फरियाद सुनने के बजाय उनके साथ न केवल अभद्र भाषा का प्रयोग किया, बल्कि उन्हें बुरी तरह डांटते हुए थाने से भगाने और मारपीट करने की धमकी भी दी। वायरल ऑडियो में सुनाई दे रही भाषा इतनी आपत्तिजनक है कि उसे सार्वजनिक रूप से साझा नहीं किया जा सकता। दंपत्ति द्वारा बार-बार विनती किए जाने के बावजूद थानाध्यक्ष का रवैया आक्रामक और अपमानजनक बना रहा।
एसपी ने दिए जांच के आदेश
मामले की गंभीरता को देखते हुए औरंगाबाद के पुलिस अधीक्षक (SP) अम्बरीष राहुल ने तुरंत संज्ञान लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस विभाग में इस तरह का अनुशासनहीन व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी ने कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर थानाध्यक्ष के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
विवादों से पुराना नाता
यह पहली बार नहीं है जब थानाध्यक्ष रितेश उपाध्याय चर्चा में आए हैं। इससे पहले भी उन पर गंभीर आरोप लग चुके हैं। पूर्व में इसी थाने की एक महिला कांस्टेबल ने उन पर अनुचित दबाव बनाने और दुर्व्यवहार के आरोप लगाए थे। बार-बार विवादों में घिरने के बावजूद पद पर बने रहने और पूर्व के मामलों में कार्रवाई की स्पष्टता न होने से स्थानीय लोगों में भी असंतोष देखा जा रहा है।

