गैंगस्टर सोनू और सिपाही के वायरल ऑडियो ने मचाया हड़कंप, अनंत सिंह के बाहर आते ही गरमाया माहौल

Friday, Mar 27, 2026-05:49 PM (IST)

Bihar News: बिहार के मोकामा में एक कथित ऑडियो क्लिप के वायरल होने से हड़कंप मच गया है। इस ऑडियो में नौरंगा जलालपुर के निवासी सोनू और पंचमहला थाने के एक सिपाही के बीच हो रही बातचीत बताई जा रही है। ऑडियो में न केवल स्थानीय पुलिस पर रिश्वतखोरी के आरोप लगाए गए हैं, बल्कि पूर्व विधायक अनंत सिंह और थाना प्रभारी के बीच अवैध धंधों को लेकर मिलीभगत का भी दावा किया गया है। 

थानेदार पर रिश्वत और पक्षपात का आरोप 
वायरल ऑडियो में सोनू नाम का युवक पंचमहला थाना प्रभारी (SHO) कुंदन कुमार पर सीधा हमला बोल रहा है। उसका आरोप है कि अवैध धंधे चलाने की छूट देने के बदले SHO को नियमित रूप से मोटी रकम भेजी जाती थी। सोनू का कहना है कि पैसे लेने के बावजूद पुलिस ने उसकी गाड़ी पकड़ ली। वह गुस्से में कहता सुनाई दे रहा है, "अनंत सिंह जो कहेगा वही करेंगे? मेरे घर पर आकर धमकाएंगे?" 

वीडियो वायरल करने और धरने की धमकी
आरोपी सोनू ऑडियो में फोन पर बात कर रहे व्यक्ति को एक वीडियो वायरल करने की धमकी भी दे रहा है। वह कह रहा है कि वह मीडिया को बुलाकर सारी सच्चाई सामने लाएगा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करेगा। हालांकि, यह ऑडियो कब का है और इसमें कितनी सच्चाई है, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। 

पुरानी रंजिश और वर्चस्व की जंग
मोकामा में इस ऑडियो के सामने आने के बाद एक बार फिर 'गैंगवार' की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि कुछ महीने पहले ही सोनू-मोनू गैंग और अनंत सिंह के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प और कई राउंड फायरिंग हुई थी। अब अनंत सिंह के जेल से बाहर आने के बाद इस नए विवाद ने पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। 

पुलिस का पक्ष: जांच के बाद होगी कार्रवाई 
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए बाढ़ के एसडीपीओ-1 रामकृष्ण ने बताया कि पुलिस को वायरल ऑडियो की सूचना मिली है। उन्होंने कहा, "ऑडियो की प्रामाणिकता की जांच तकनीकी विश्लेषण के जरिए की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static