भयानक सड़क हादसा...फाइनेंस कर्मी को 500 मीटर तक घसीटता ले गया हाइवा, हुई दर्दनाक मौत; लोगों में आक्रोश
Monday, Sep 29, 2025-05:17 PM (IST)

Road Accident: बिहार के मधेपुरा जिले में सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया, जहां बाइक और हाइवा की आमने-सामने की टक्कर में एक फाइनेंस कर्मी की मौत हो गई। हादसा इतना भयानक था कि हाइवा बाइक को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।
हाइवा ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, घटना बिहारीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बभनगामा-तुलसिया के बीच मोड़ की है। मृतक की पहचान पूर्णिया के जानकीनगर थाना क्षेत्र के रामपुर तिलक वार्ड-13 निवासी विश्वनाथ ठाकुर के सिवन कुमार (25) के रूप में हुई। बताया जा रहा है कि सिवन कुमार बाइक से बिहारीगंज स्थित भारत फाइनेंस ऑफिस जा रहे थे। इसी दौरान सुबह करीब 7.30 बजे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए ले गया।
आक्रोशित लोगों ने जमकर किया हंगामा
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल सिवन को बिहारीगंज पीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से आक्रोशित लोगों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान लगभग 5 घंटे तक स्टेट हाईवे-91 जाम रहा। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के भेज दिया। साथ ही हाइवा को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।