सिवान में डेंगू का कहर जारी: संक्रमितों का आंकड़ा पहुंचा 400 के पार, स्वास्थ्य विभाग में मचा हड़कंप

10/7/2022 4:21:35 PM

सिवानः बिहार के सिवान जिले में डेंगू अब अधिक पैर पसारने लगा है। यहां डेंगू मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। दरअसल, जिले में डेंगू से संक्रमित लोगों की आंकड़ा 400 के पार पहुंच गया है। इसे लेकर स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।

स्वास्थ्य विभाग भी हुआ अलर्ट
मिली जानकारी के अनुसार, सिवान के शहरी क्षेत्र में 300 और महराजगंज नगर पंचायत और अनुमंडल क्षेत्र में 100 से अधिक लोग डेंगू से संक्रमित हो चुके हैं। मरीजों की लगातार बढ़ रही संख्या को देखते हुए जिला स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभाग के कई वरीय पदाधिकारी निरीक्षण करने के लिए महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल और सिवान शहर में पहुंच गए। यहां उन्होंने डेंगू के मरीजों से मुलाकात की।

डेंगू संक्रमित इलाकों में फॉगिंग करने का निर्देश
इसी बीच प्रभारी सिविल सर्जन प्रमोद कुमार पांडेय ने बताया कि सिवान शहर और महाराजगंज के कुछ इलाकों से डेंगू के मरीज मिले हैं, जिसके चलते जिले की मेडिकल टीम मलेरिया पदाधिकारी के नेतृत्व में सिवान शहर और महाराजगंज नगर पंचायत पहुंची थी। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि डेंगू से संक्रमित इलाकों में फॉगिंग करने के लिए निर्देश दिया गया है। बता दें कि सिवान में एक माह पहले ही डेंगू ने दस्तक दी थी। वहीं अब संक्रमितों का आंकड़ा 400 तक पहुंच गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static