Bihar Weather Update: 17 जिलों में 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचा पारा, 10 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी
Wednesday, May 10, 2023-11:01 AM (IST)

पटनाः बिहार में भीषण गर्मी के साथ-साथ तेज चल रहे गर्मी हवाओं ने भी लोगों को बेहाल कर दिया है। पिछले 24 घंटे में 17 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे गर्म शहर शेखपुरा रहा। इसी बीच मौसम विभाग का कहना है कि बुधवार को भी राज्य के 10 जिलों में हीट वेव की स्थिति रहेगी। इसको लेकर विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।
चक्रवाती तूफान आने की भी संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के नवादा,भागलपुर, खगड़िया, पूर्णिया, बक्सर, औरंगाबाद, बांका, शेखपुरा, जमुई और अररिया में हीट वेव की स्थिति रहेगी। इसके साथ ही 10 मई को चक्रवाती तूफान आने की भी संभावना जताई गई है, जिसका नाम मोचा है। इसी बीत मौसम विभाग के वैज्ञानिक आनंद शंकर ने बताया कि मंगवलवार को आज कई जिलों के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी और कई जिलों में हीट वेव की स्थिति भी बनी रहेगी। यह स्थिति अगले दो से तीन दिनों तक बने रहने की संभावना है। इसके बाद बिहार में मौसम सामान्य हो जाएगा।
शेखपुरा रहा सबसे गर्म
बता दें कि मंगलवार को 17 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। सबसे गर्म शेखपुरा रहा, जिसका तापमान अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही पटना का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस, जमुई का 41.2 डिग्री, गया का 41.2 डिग्री सेल्सियस, रोहतास का 40.8 डिग्री, भागलपुर का 41.4 डिग्री, नवादा का 41.7 डिग्री, नालंदा का 41.3 डिग्री, सीवान का 41 डिग्री पूर्णिया का 40.8 डिग्री, खगड़िया का 42.2 डिग्री, बांका का 41.5 डिग्री, पूर्वी चंपारण का 40 डिग्री, वैशाली का 41.4 डिग्री, वाल्मीकि नगर का 41.2 डिग्री, औरंगाबाद का 42.2 डिग्री, भागलपुर का 41.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बांका, शेखपुरा, खगड़िया और पूर्णिया में लू चली।