फोन पर बात कर रही थी महिला स्वास्थ्यकर्मी, दबे पांव पीछे से आकर युवक ने कर दी अश्लील हरकत, VIDEO VIRAL
Monday, Mar 13, 2023-05:11 PM (IST)

जमुई: बिहार के जमुई जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है जहां एक महिला स्वास्थ्य कर्मी फोन पर बात कर रही थी। इसी दौरान पीछे से दौड़ते हुए एक युवक ने महिला के साथ छेड़खानी की। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया। वहीं, मामले में पीड़िता महिला ने आरोपी के खिलाफ थाना में आवेदन देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
युवक ने महिला कर्मचारी के साथ की अश्लील हरकत
मामला जिले के सदर अस्पताल परिसर का है। यहां बीते शुक्रवार को एक महिला स्वास्थ्य कर्मी फोन पर किसी से बात कर रही थी। तभी अस्पताल परिसर की बाउंड्री कूदकर एक युवक अंदर घुस गया। दबे पांव वह महिला कर्मचारी के पीछे से आया और महिला को किस करने लगा। इसके बाद महिला स्वास्थ्यकर्मी को धक्का देकर गिराते हुए वह मौके से फरार हो गया। वहीं, यह घटना अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। उधर, घटना के बाद अस्पताल की दूसरी महिला कर्मचारियों में दहशत का माहौल है।
"सदर अस्पताल की बाउंड्री काफी नीचे है"
जानकारी के मुताबिक महिला स्वास्थ्यकर्मी सदर अस्पताल में 2015 से कार्यरत है। महिला ने कहा कि उसके साथ इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई। पीड़िता ने कहा कि महिलाएं यहां सुरक्षित नहीं हैं। सदर अस्पताल की बाउंड्री काफी नीचे है। कुछ भी हो सकता है। सीएस को और एसएमओ को भी बोल चुके हैं। महिलाओं को सुविधा दी जाए ताकि वो काम कर सकें। वहीं, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
पुलिस कर रही आरोपी की तलाश
मामले में थानाध्यक्ष राजीव कुमार तिवारी ने कहा कि जल्द ही आरोपित युवक की गिरफ्तारी कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसी गंदी हरकत करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी की लगातार तलाश की जा रही है।