दरभंगा: दो पत्नियों की शिकायत पर दो पतियों की गिरफ्तारी, दरभंगा में आपत्तिजनक फोटो-वीडियो वायरल करने का मामला! साइबर थाने में हड़कंप

Monday, Mar 09, 2026-10:25 PM (IST)

Bihar crime news: बिहार के दरभंगा जिले में साइबर अपराध के दो जुड़े मामलों में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने बदले की भावना से महिलाओं की तस्वीरों और वीडियो का गलत इस्तेमाल कर उन्हें सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

साइबर थाना के डीएसपी Vipin Bihari ने बताया कि यह मामला मनीगाछी थाना क्षेत्र से जुड़ा है। आरोप है कि राम सुजीत शर्मा नामक युवक ने एक अविवाहित युवती से वीडियो कॉल पर बातचीत के दौरान उसकी निजी तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड कर लिए थे। बाद में उसने इन सामग्री के आधार पर युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया और उस पर शादी करने का दबाव बनाया।

पुलिस के मुताबिक नवंबर 2025 में जब युवती की शादी हो गई, तो आरोपी ने नाराज होकर उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो इंटरनेट पर प्रसारित कर दिए।

इस घटना की जानकारी युवती के पति कमलेश महतो, जो सकतपुर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, को हुई। आरोप है कि उन्होंने भी बदले की भावना से राम सुजीत शर्मा की पत्नी की तस्वीरों के साथ छेड़छाड़ कर उन पर आपत्तिजनक शब्द लिखकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया।

इसके बाद दोनों महिलाओं ने अलग-अलग साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल सामग्री की भी जांच की जा रही है और डिजिटल साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

डीएसपी विपिन बिहारी ने कहा कि महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा से जुड़े मामलों को पुलिस बेहद गंभीरता से लेती है। उन्होंने बताया कि विश्व महिला दिवस के अवसर पर ऐसे अपराधों के खिलाफ विशेष सतर्कता बरती जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

SHUKDEV PRASAD

Related News

static