कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद बोले- बिहार में धान अधिप्राप्ति की बढ़ाई गई समय सीमा "नाकाफी"

1/28/2021 6:38:17 PM

पटनाः बिहार सरकार ने किसानों को बड़ी राहत देते हुए धान खरीद की अवधि बढ़ाकर 21 फरवरी 2021 कर दी है। सरकार के इस फैसले पर कांग्रेस ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने धान अधिप्राप्ति की बढ़ाई गई समय सीमा को नाकाफी बताया है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सदानंद सिंह ने गुरुवार को कहा कि किसानों से धान खरीद की बढ़ाई गई तिथि नाकाफी है क्योंकि अब तक पिछले तीन महीनों में निर्धारित लक्ष्य 45 लाख टन में से आधे से भी कम की ही खरीद हो सकी है। ऐसे में बढ़ाई गई तिथि 21 फरवरी तक धान खरीद का लक्ष्य प्राप्त कर पाना संदिग्ध दिखता है। उन्होंने कहा कि पूर्व के वर्षों में धान खरीद की आखरी तारीख किसान हित में 31 मार्च तक हुआ करती थी।

सदानंद सिंह ने कहा कि धान खरीद का पैसा समय से किसानों को नहीं मिल पा रहा है वहीं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कहना था कि 48 घंटे के अंदर किसानों को धान की कीमत मिल जानी चाहिए लेकिन उनके पास प्रामाणिक आधार है कि किसानों को धान बेचने के 10-12 दिनों के बाद भी भुगतान नहीं हो पा रहा है। इससे किसानों को धान की बिक्री औने-पौने भाव में बिचौलियों के हाथों बेचने पर मजबूर होना पड़ रहा है। यह किसानों के हित की अनदेखी है।

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री जी से आग्रह किया है कि धान खरीद और भुगतान के मुद्दे पर अधिकारियों और कर्मचारियों के झगड़े को दूर किया जाए ताकि किसान हितों की रक्षा हो सके। उल्लेखनीय है कि बिहार सरकार ने राज्य में अलग-अलग क्षेत्र के किसानों की धान अधिप्राप्ति की समय-सीमा बढ़ाए जाने की मांग को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को खरीद की तिथि बढ़ाकर 21 फरवरी 2021 कर दी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static