शर्मनाक! पुलिसकर्मी ने की छात्रा से छेड़खानी...गुस्साई भीड़ ने बीच सड़क पर की पिटाई, थाने में भी काटा बवाल
Thursday, Nov 23, 2023-01:53 PM (IST)

पटना: बिहार की राजधानी पटना के दानापुर में डायल 112 की पुलिस टीम पर छात्रा से छेड़खानी का आरोप लगा है। वहीं, छेड़खानी की घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और उन्होंने पुलिसकर्मी की जमकर पिटाई कर दी। इतना ही नहीं, फिर थाने में जाकर जमकर हंगामा किया।
जानकारी के मुताबिक, घटना सुल्तानपुर का है। पुलिसकर्मी की पहचान डायल 112 पर तैनात शेरू सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार को पुलिसकर्मी शराब के नशे में धुत्त रास्ते से गुजर रही एक लड़की के साथ छेड़खानी कर रहा था। इसके बाद वह छात्रा को खींच कर जबरन गाड़ी में बैठाने लगा। पुलिस की इस हरकत को देखकर लोग आग बबूला हो गए और फिर स्थानीय लोगों ने पुलिसकर्मी की जमकर पिटाई कर दी।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पदाधिकारी को लेकर सुल्तानपुर चौकी पहुंची। गुस्साई भीड़ थाने भी पहुंच गई और जमकर हंगामा करने लगी। लोगों ने पुलिसकर्मी को सस्पेंड कर उसकी गिरफ्तारी की मांग की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।