"लेह में हुई अशांति राहुल गांधी के उकसावे का परिणाम".. गिरिराज का आरोप- देश में गृहयुद्ध भड़काना चाहती है कांग्रेस
Sunday, Sep 28, 2025-02:27 PM (IST)

Giriraj Singh: केंद्रीय कपड़ा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह (Giriraj Singh) ने लेह में हुई हालिया हिंसा के लिए कांग्रेस पार्टी और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके उपर देश में अशांति फैलाने के प्रयास करने का आरोप लगाया।
गिरिराज सिंह ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए, कहा कि लेह की घटनाएं राहुल गांधी के उकसावे का परिणाम हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस देश में गृहयुद्ध भड़काना चाहती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तर्ज पर, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने भी पहले नेपाल और बांग्लादेश में हुई घटनाओं के समय इसी तरह के मुद्दे उठाए थे। भाजपा नेता ने 'आई लव मोहम्मद' विवाद पर बोलते हुए दावा किया कि विपक्षी नेता राजनीतिक लाभ के लिए संवेदनशील मुद्दों का फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि असदुद्दीन ओवैसी और महबूबा मुफ़्ती जैसे नेताओं को भारत और बिहार के विकास की कोई चिंता नहीं है और ऐसे नेता राजनीतिक सत्ता के लिए लोगों को भड़काने पर ज़्यादा ध्यान केंद्रित कर रहे है।
"लेह की घटनाएं राहुल गांधी के उकसावे का नतीजा"
सिंह ने विभिन्न स्थानों पर हालिया अशांति के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद के तेजस्वी यादव को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि लेह की घटनाएं राहुल गांधी के उकसावे का नतीजा हैं। उन्होंने कहा कि ‘आई लव मोहम्मद' विवाद के पीछे भी राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की भूमिका है। उल्लेखनीय है कि लेह में छठी अनुसूची के तहत राज्य का दर्जा और संवैधानिक सुरक्षा उपायों की मांग तेज़ होने के बाद वहां हिंसक विरोध प्रदर्शन हुए, जिसमे चार लोगों की मौत हो गई और 70 लोग घायल हो गए।