गुजरात हादसे में हुई मौतों पर CM नीतीश ने जताया दुख, पीड़ित परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की
Monday, Oct 31, 2022-12:45 PM (IST)

पटनाः बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गुजरात के मोरबी के मच्छु नदी पर बने केबल ब्रिज टूटने की घटना में हुई मौतों पर गहरा दुख एवं संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह घटना काफी दुखद है। मुख्यमंत्री नीतीश ने शोक संतप्त परिवारों को दुख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
बता दें कि गुजरात के मोरबी शहर में रविवार की शाम माच्छू नदी पर बना केबल पुल टूटने से महिलाओं एवं बच्चों समेत 134 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों के अनुसार, यह पुल करीब एक सदी पुराना था और मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य के बाद हाल ही में इसे जनता के लिए खोला गया था। जनता के लिए चार दिन पहले ही फिर से खोले गए इस पुल पर लोगों की काफी भीड़ थी।