बिहार में BSF जवान की मां की हत्या, हाथ में पिस्टल, चेहरे पर मास्क पहन घर में घुसे बदमाश; बरसाई ताबड़तोड़ गोलियां
Monday, Nov 17, 2025-03:43 PM (IST)
BSF jawans mother shot dead: बिहार के गोपालगंज जिले में रविवार देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। यहां दो अपाचे बाइक पर सवार चार अज्ञात हमलावरों ने घर में घुसकर BSF जवान की मां सबिता देवी (40) की गोली मारकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
दरअसल, यह मामला मीरगंज थाना क्षेत्र के पाण्डेय समइल गांव का है। घटना के समय सबिता देवी अपनी 15 वर्षीय बेटी के साथ घर पर मौजूद थीं। तभी चारों हमलावर अचानक घर के अंदर घुस आए। उस समय सबिता देवी चौकी पर बैठी थीं, जबकि उनकी बेटी खाना बना रही थी। आरोप है कि अपराधियों ने सबिता देवी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली सिर में और तीन गोलियां सबिता के हाथ में लगीं, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर फरार हो गए।
पति से नहीं थे अच्छे संबंध
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मीरगंज थाना पुलिस ने हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। मृतका की पहचान समइल गांव निवासी मुन्ना यादव की पत्नी सबिता देवी के रूप में हुई है। वह अपनी एक बेटी के साथ घर में रहती थीं। उनका बेटा BSF में जवान है और इस समय असम में ट्रेनिंग पर है। पति मुन्ना यादव भी असम में व्यवसाय करते हैं। बताया जा रहा है कि सबिता के अपने पति से संबंध अच्छे नहीं थे और वे पिछले तीन साल से अलग रह रहे थे।
जमीनी विवाद पर शक
सबिता देवी के भाई सोनू यादव ने पुलिस को बताया कि बहन का अपने रिश्तेदारों के साथ लंबे समय से जमीनी विवाद चल रहा था। उनका आरोप है कि इसी विवाद को लेकर पहले भी धमकियां दी गई थीं। पुलिस ने इस एंगल से भी जांच शुरू कर दी है।

