Bihar Politics...'आरक्षण और संविधान खत्म करना चाहती है भाजपा', तेजस्वी यादव का आरोप

5/9/2024 10:32:53 AM

रोहतासः बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) देश का संविधान बदलना चाहती है। तेजस्वी ने बुधवार को काराकाट संसदीय क्षेत्र के डेहरी विधान सभा के अकोढ़ीगोला प्रखंड में महागठबंधन प्रत्याशी के नामांकन सह आशीर्वाद सभा को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी पार्टी रोजगार और नौकरी की बात करती है। जबकि, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिंदू-मुस्लिम और मंगलसूत्र की बात करते हैं। 

"बदलाव के लिए वोट की चोट जरूरी"
तेजस्वी ने पीएम मोदी पर तंज कसते हुए कहा कि वे सिर्फ वादे करते हैं, लेकिन उसे पूरा नहीं करते। वे लगातार 10 वर्षों से जनता को ठग रहे हैं। पिछले 10 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री ने इतना झूठ बोला है कि अब उनके पास झूठ बोलने के लिए कुछ भी नहीं बचा है। राजद नेता ने कहा कि अगर नौकरी चाहिए तो इंडिया को वोट दीजिए। अगर बेरोजगारी व गरीबी चाहिए तो एनडीए को वोट दीजिए। देश में महागठबंधन की सरकार बनने जा रही है। अभी बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है, इसलिए बदलाव आवश्यक है। बदलाव के लिए वोट की चोट जरूरी है। 

"संविधान के साथ-साथ आरक्षण को भी समाप्त करना चाहती है भाजपा"
तेजस्वी यादव ने कहा कि हमलोग सबको साथ लेकर चलते हैं। हमलोग संविधान और लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, लेकिन भाजपा वाले लोकतंत्र और संविधान के साथ-साथ आरक्षण को भी समाप्त करना चाहते हैं। जनता मालिक को इस बार तय करना है आप लोग संविधान को बचाने वाले के साथ रहेंगे या संविधान को समाप्त करने वाले के साथ।                     


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Recommended News

Related News

static