BJP विधायक दल के नेता चुने गए सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा होंगे उपनेता
Wednesday, Nov 19, 2025-12:52 PM (IST)
BJP Vidhayak Dal ke Neta: भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी ने बड़ी घोषणा की है। सम्राट चौधरी BJP विधायक दल के नेता चुने गए हैं। तो वहीं विजय सिन्हा को उपनेता घोषित किया गया है। भाजपा कार्यालय में हुई इस बैठक में सभी निर्वाचित विधायक और तीन पर्यवेक्षक भी मौजूद रहे। वहीं अब विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री बने रहेंगे।
बता दें कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) और जनता दल यूनाइटेड (JDU) विधायक दल की बैठकों में अपना-अपना नेता चुन लिया गया है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की संयुक्त बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुना जाएगा, जिसके बाद वह राज्यपाल से मिलकर सरकार गठन का दावा पेश करेंगे।
बिहार भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा, “भाजपा और जदयू विधायक दल की बैठक के बाद राजग के सभी घटक दल विधानसभा के सेंट्रल हॉल में एकत्र होंगे, जहां नीतीश कुमार को राजग विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके बाद वह राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा करेंगे।”
उधर, विधानसभा अध्यक्ष पद पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जदयू, दोनों ने ही दावा किया है। उनके अनुसार, जदयू के विजय चौधरी और भाजपा के प्रेम कुमार अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं।

