Rakesh Sinha Voting: दो जगह वोट डालने के मामले में BJP नेता राकेश सिन्हा ने दी सफाई, जानिए क्या कहा

Friday, Nov 07, 2025-05:37 PM (IST)

Rakesh Sinha Voting: भाजपा के राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा (Rakesh Sinha) ने शुक्रवार को उन आरोपों को "राजनीति से प्रेरित" बताते हुए खारिज कर दिया कि उन्होंने दिल्ली विधानसभा चुनाव (Delhi Assembly Election) और बिहार चुनाव (Bihar Election 2025) दोनों में मतदान किया था। 

राकेश सिन्हा ने दावा किया कि उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और दिशानिर्देशों के अनुसार बिहार में मतदाता के रूप में अपना नामांकन कराया था। उन्होंने कहा, "विपक्ष संविधान और चुनाव आयोग के दिशानिर्देशों को समझने में असमर्थ है। कोई भी उचित कानूनी प्रक्रिया का पालन करके अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकता है। पहले मेरा नाम दिल्ली की मतदाता सूची में था, लेकिन बाद में मैंने बिहार में अपना नाम दर्ज करा लिया। मैंने आवश्यकतानुसार प्रक्रिया के सभी कानूनी चरण पूरे किए।"

उनका यह बयान आम आदमी पार्टी (आप) के नेता सौरभ भारद्वाज द्वारा कथित दोहरे मतदान विवाद में उनका और दिल्ली भाजपा पूर्वांचल मोर्चा के अध्यक्ष संतोष ओझा का नाम लिए जाने के बाद आया है। सिन्हा ने कहा कि ये आरोप चुनाव कानूनों की समझ की कमी को दर्शाते हैं और विपक्ष पर गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया, "संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने निवास स्थान पर मतदाता के रूप में पंजीकरण कराने की अनुमति देता है। मैंने उचित प्रक्रिया के माध्यम से अपने अधिकारों की रक्षा की है। कांग्रेस और विपक्ष द्वारा फैलाई जा रही कहानी भ्रामक और राजनीतिक उद्देश्यों से प्रेरित है।" उन्होंने स्थायी और अस्थायी निवास के मुद्दों पर कांग्रेस की समझ की कमी का भी उल्लेख किया और कहा कि किसी व्यक्ति का अपनी जमीन और जड़ों से जुड़ाव उसकी पहचान से अलग नहीं किया जा सकता। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static