बाढ़ से हुई क्षति की पूर्ति के लिए बिहार सरकार ने केंद्र से मांगे 3328.60 करोड़ रुपए

9/5/2020 10:03:35 AM

पटनाः उत्तर बिहार के 16 जिलों में बाढ़ से हुई क्षति की पूर्ति के लिए केंद्र सरकार से 3328 करोड़ 60 लाख 46 हजार रुपए की मांग की गई है।

आपदा प्रबंधन विभाग के अपर सचिव रामचंद्र डू ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बाढ़ के दौरान जो क्षति हुई है, उससे संबंधित सभी विभागों के प्रारंभिक आकलन के आधार पर केन्द्रीय सहायता प्राप्त करने के लिए कुल 3328 करोड़ 60 लाख 46 हजार रुपए की मांग से संबंधित ज्ञापन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अनुमोदन के बाद केंद्र को दिया गया है।

अपर सचिव ने बताया कि इस ज्ञापन में आपदा प्रबंधन विभाग का 1342.90 करोड़, कृषि विभाग का 999.60 करोड़, पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग का 2.96 करोड़, पथ निर्माण विभाग का 70.01 करोड़, ग्रामीण कार्य विभाग का 412.90 करोड़, जल संसाधन विभाग का 483.92 करोड़ और ऊर्जा विभाग का 16.31 करोड़ रुपए की मांग शामिल है।

रामचंद्र डू ने कहा कि बाढ़ से हुई क्षति का स्थल पर आकलन के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव पीयूष गोयल के नेतृत्व में छह सदस्यीय अंतर मंत्रालयीय टीम ने 02 सितंबर से लेकर शुक्रवार को पूर्वाहन तक राज्य का भ्रमण किया है। इसके दो-दो सदस्यों की तीन अलग-अलग टीम ने मुजफ्फरपुर, दरभंगा और गोपालगंज जाकर बिहार सरकार के प्रारंभिक आकलन के आधार पर दिए गए आंकड़े के आलोक में लोगों से बात कर उसे सत्यापित किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Ramanjot

Recommended News

Related News

static