Muslim MLAs in Bihar Assembly: इस बार बिहार में कितने मुस्लिम विधायक जीत कर पहुंचे विधानसभा, यहां देखें पूरी लिस्ट
Tuesday, Nov 18, 2025-11:57 AM (IST)
Muslim MLAs in Bihar Assembly (विकास कुमार): बिहार में विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) में मुस्लिम विधायकों (Muslim MLAs in Bihar) की संख्या इस बार काफी कम हो गई है। बिहार में मुस्लिमों की आबादी लगभग 18 फीसदी है लेकिन इस बार केवल 11 मुस्लिम उम्मीदवार (Muslim Candidate) ही विधानसभा चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। 2000 के बाद से बिहार के राजनीतिक इतिहास में इस बार सबसे कम मुस्लिम उम्मीदवार जीतकर विधानसभा पहुंचे हैं।
साल 2000 के विधानसभा चुनाव में 30 मुसलमान उम्मीदवार विधायक बनकर विधानसभा गए थे, लेकिन 2025 के चुनाव में केवल 11 मुस्लिम नेता ही विधानसभा पहुंचने में सफल रहे। हालांकि ये सेकुलर पार्टियों के लिए बड़े खतरे की घंटी है कि AIMIM ने मुस्लिम विधायकों की संख्या के लिहाज से आरजेडी (RJD) और कांग्रेस (Congress) को पीछे छोड़ दिया है।
जेडीयू से केवल एक मुस्लिम नेता बना MLA
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) के नेतृत्व में जेडीयू ने शानदार प्रदर्शन किया है। इस बार जेडीयू के केवल एक मुस्लिम विधायक चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। जी हां हम बात कर रहे हैं मोहम्मद जमा खान के बारे में। मोहम्मद जमा खान (Jama khan) ने चैनपुर सीट से जीत हासिल की है। जमा खान का एक बार फिर से मंत्री बनना तय माना जा रहा है।
| विधानसभा क्षेत्र | जेडीयू | जीत का अंतर |
| चैनपुर | मोहम्मद जमा खान | 8,362 |
आरजेडी से जीते केवल तीन मुस्लिम विधायक
आरजेडी (RJD) से इस बार केवल तीन मुस्लिम विधायक चुनाव जीतने में सफल रहे हैं। ढाका से फैसल रहमान, बिस्फी से आसिफ अहमद और रघुनाथपुर से ओसामा शहाब विधानसभा पहुंचने में सफल रहे हैं। कड़े संघर्ष के बाद दिवंगत शहाबुद्दीन के बेटे ओसामा शहाब ने रघुनाथपुर विधानसभा सीट पर जीत हासिल करने में सफल रहे।ओसामा शहाब के विधायक बनने के बाद सिवान में मुस्लिम राजनीति की दशा दिशा पूरी तरह से बदल गई है।
| विधानसभा क्षेत्र | आरजेडी | जीत का अंतर |
| ढ़ाका | फैसल रहमान | 178 |
| बिस्फी | आसिफ अहमद | 8,107 |
| रघुनाथपुर | ओसामा शहाब | 9,248 |
कांग्रेस से जीते केवल दो मुस्लिम नेता
कांग्रेस से इस बार केवल दो मुस्लिम उम्मीदवार विधानसभा का चुनाव जीतने में सफल रहे हैं।अररिया से अबैदुर रहमान और किशनगंज से मोहम्मद कमरुल होदा कांग्रेस की टिकट पर चुनाव जीतने में सफल रहे।
| विधानसभा क्षेत्र | INC | जीत का अंतर |
| अररिया | अबैदुर रहमान | 12741 |
| किशनगंज | मोहम्मद कमरुल होदा | 12749 |
AIMIM ने हासिल कर ली अपनी खोई जमीन
2025 के विधानसभा चुनाव में असदुद्दीन ओवैसी ने फिर से अपनी खोई हुई राजनीतिक जमीन हासिल कर ली है। जोकीहाट सीट से मोहम्मद मुर्शिद आलम, बहादुरगंज से तौसीफ आलम, कोचाधामन से सरवर आलम,अमौर से अख्तरुल इमान और बायसी से गुलाम सरवर ने जीत हासिल की है। इसके अलावा कई विधानसभा सीटों पर मजलिस ने बढ़िया प्रदर्शन किया है। ये आंकड़े बताते हैं कि बिहार की मुस्लिम राजनीति में ओवैसी की पार्टी मजलिस नंबर वन पर आ गई है।
| विधानसभा क्षेत्र | AIMIM | जीत का अंतर |
| जोकीहाट | मो.मुर्शिद आलम | 28,803 |
| बहादुरगंज | मो.तौसीफ आलम | 28,726 |
| कोचाधामन | मो.सरवर आलम | 23,021 |
| अमौर | अख्तरुल इमान | 38,928 |
| बायसी | गुलाम सरवर | 27,251 |
1990 से 2025 तक बदल गई मुस्लिम राजनीति
1990 में बिहार में मुस्लिम विधायकों की संख्या 18 थी। पिछले तीस साल की मुस्लिम राजनीति में साल 2000 में सबसे ज्यादा 30 मुस्लिम विधायक जीत कर विधानसभा पहुंचे थे। 2020 में मुस्लिम विधायकों की संख्या गिरकर 19 पर आ गया था। 2025 के विधानसभा चुनाव में मुस्लिम विधायकों की संख्या घटकर 11 पर पहुंच गई है। इस लिहाज से देखें तो मुस्लिम विधायकों की संख्या 2025 में पहले से काफी कम हो गई है। 1990 से 2025 तक के विधानसभा चुनाव में कब कितने मुस्लिम विधायक जीते इसका पूरा आंकड़ा निम्नलिखित है-
| साल | मुस्लिम विधायकों की संख्या |
| 1990 | 18 |
| 1995 | 23 |
| 2000 | 30 |
| फरवरी,2005 | 24 |
| अक्टूबर,2005 | 26 |
| 2010 | 19 |
| 2015 | 24 |
| 2020 | 19 |
| 2025 | 11 |
बिहार में मुस्लिम वोटरों पर आरजेडी और कांग्रेस की पकड़ कमजोर होती चली गई है। अब सीमांचल सहित दूसरे इलाकों में भी मुस्लिम समाज में ओवैसी की लोकप्रियता में उछाल आया है। मुस्लिम समाज अब अपनी लीडरशिप चाहता है। ओवैसी ने सबसे ज्यादा मुस्लिम लीडरशिप का मुद्दा उठाया और इसे मुस्लिम वोटरों ने हाथों हाथ लिया। अब आरजेडी और कांग्रेस को ओवैसी से या तो समझौता करना होगा या फिर इसका तोड़ निकालना होगा।

