Bihar Election Voting Percentage: बिहार में टूटा अब तक का रिकॉर्ड, पहली बार 64.66% मतदान

Thursday, Nov 06, 2025-09:07 PM (IST)

Bihar Election Voting Percentage: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में मतदाताओं ने इतिहास रच दिया है। राज्य में इस बार रिकॉर्ड 64.66 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो अब तक का सबसे ऊंचा आंकड़ा है।

पहली बार टूटा 25 साल पुराना रिकॉर्ड

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल के अनुसार, इससे पहले साल 2000 में बिहार विधानसभा चुनाव में 62.57% वोटिंग हुई थी, जो अब तक का रिकॉर्ड था। वहीं, लोकसभा चुनावों की बात करें तो 1998 में 64.6% मतदान हुआ था। इस बार इन सभी आंकड़ों को पार करते हुए लोगों ने लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है।

शांतिपूर्ण रहा मतदान, सुरक्षा व्यवस्था रही सख्त

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि पहले चरण का मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रहा। एडीजी मुख्यालय कुंदन कृष्णन ने बताया कि पूरे चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों ने बेहतरीन व्यवस्था संभाली और कुल 1415 लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया गया।

महिलाओं की बड़ी भागीदारी

इस बार महिलाओं ने मतदान में जबरदस्त उत्साह दिखाया। आयोग ने बताया कि महिलाओं की भागीदारी पुरुषों से अधिक रही। पर्दानशीं (बुर्का पहनी) महिलाओं की पहचान के लिए 90,000 जीविका दीदियों को तैनात किया गया था। हर बूथ पर सेंट्रल फोर्स के जवान और स्थानीय पुलिस मौजूद रहे।

तकनीकी खामियां कम, ईवीएम में भी सुधार

चुनाव आयोग के मुताबिक, इस बार तकनीकी गड़बड़ियां बेहद कम रहीं। पहले चरण में केवल 1.21 प्रतिशत बैलेट यूनिट्स बदली गईं, जबकि 2020 में यह आंकड़ा 1.87 प्रतिशत था। मतदान के दौरान 165 बैलेट यूनिट, 169 कंट्रोल यूनिट और 480 वीवीपैट बदले गए।

शिकायतें और मतदान बहिष्कार के मामले

पहले चरण के मतदान के दौरान आयोग को कुल 143 शिकायतें मिलीं, जिनका तुरंत समाधान किया गया। कुछ इलाकों जैसे फतुहा, ब्रह्मपुर और सूर्यगढ़ा में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। इसके बावजूद ज्यादातर इलाकों में मतदान पूरी तरह सफल रहा।

दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को

पहले चरण के मतदान के बाद अब चुनाव का अगला चरण 11 नवंबर 2025 को होगा। इसमें 122 सीटों पर वोटिंग होगी। दोनों चरणों की मतगणना 14 नवंबर को होगी और उसी दिन परिणाम जारी किए जाएंगे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Ramanjot

Related News

static