मोतिहारी के केसरिया में दर्दनाक हादसा, नाला पार करते वक्त छह बच्चों की डूबने से मौत
Tuesday, Mar 03, 2026-10:46 PM (IST)
Motihari News: मोतिहारी जिले के केसरिया प्रखंड में होली से ठीक पहले मंगलवार शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। लोहरगावा पंचायत के रधवा नाला में डूबने से एक साथ छह बच्चों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, सभी बच्चे गांव से पशुओं के लिए चारा काटने निकले थे। रास्ते में उन्हें नाला पार करना था। ग्रामीणों का कहना है कि इसी दौरान एक बच्चा अचानक फिसलकर गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य बच्चे भी आगे बढ़े, लेकिन पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया। देखते ही देखते सभी बच्चे एक-एक कर डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर बच्चों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
पांच किशोरियां और एक किशोर की गई जान
मृतकों में पांच किशोरियां और एक किशोर शामिल हैं। सभी एक ही गांव के रहने वाले थे। इस हादसे ने कई परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जिन घरों में होली की तैयारी हो रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है। परिजनों की चीख-पुकार से गांव का माहौल गमगीन हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि नाला में सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे और बरसात के बाद इसमें पानी का स्तर अक्सर गहरा हो जाता है।
प्रशासन की कार्रवाई और सहायता का आश्वासन
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और नियमानुसार पीड़ित परिवारों को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी इसे अत्यंत दुखद घटना बताया और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। यह हादसा एक बार फिर ग्रामीण इलाकों में जल स्रोतों के आसपास सुरक्षा इंतजामों की जरूरत को रेखांकित करता है। होली जैसे पर्व से पहले हुई इस घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

