पुलिस की गाड़ी ने मासूम को रौंदा, 4 साल की बच्ची की मौत के बाद भड़के ग्रामीण; किया सड़क जाम

Monday, Apr 13, 2026-12:50 PM (IST)

जहानाबाद : बिहार के जहानाबाद जिले पुलिस के गश्ती वाहन की चपेट में आने से एक 4 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भारी हंगामा किया और सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

मिली जानकारी के अनुसार, जिले के परस बीघा थाना क्षेत्र के अंतर्गत पहाड़ी बीघा गांव की है। मृतका मूल रूप से गया जिले के अमझर गांव की रहने वाली थी और इन दिनों अपनी मां के साथ ननिहाल आई हुई थी। घटना उस समय हुई जब परस बीघा थाना की स्कॉर्पियो गाड़ी पेट्रोलिंग पर थी। सड़क पार करने के दौरान बच्ची तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आ गई। 

आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही ग्रामीण उग्र हो गए और सड़क पर जाम लगा दिया। मामले को देखते हुए एएसपी मनोज पांडे, डीएसपी मनीष चंद्र चौधरी और एसडीएम समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को काफी देर तक समझा-बुझाकर शांत किया। प्रशासन ने पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम हटाया गया। गांव में स्थिति नियंत्रण में है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static