खरमास के बाद होगा बड़ा खेला, कांग्रेस के कई विधायक NDA में होंगे शामिल; मंत्री संजय सिंह का बड़ा दावा
Thursday, Jan 08, 2026-12:38 PM (IST)
Bihar Politics: खरमास के बाद बिहार की राजनीति (Bihar Politics) में बड़ी उथल-पुथल देखने को मिल सकती है। दरअसल, बिहार सरकार के मंत्री संजय सिंह (Sanjay Singh) ने कांग्रेस को लेकर बड़ा बयान दे दिया है। उन्होंने दावा किया कि संक्राति के बाद कांग्रेस में बड़ी टूट होगी और पार्टी के कई विधायक एनडीए (NDA) में शामिल होंगे।
लोक स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह ने एक निजी न्यूज चैनल से बातचीत के दौरान कहा कि बिहार में कांग्रेस के कई विधायक और नेता लगातार उनके संपर्क में हैं। उन्होंने दावा किया कि मधुबनी की हालिया राजनीतिक घटनाओं और चुनाव के बाद कांग्रेस की आंतरिक बैठकों में दिख रहे हालात से यह साफ हो गया है कि पार्टी के भीतर गहरी नाराजगी है।
संजय सिंह ने कहा,
“कांग्रेस की कार्यशैली से उनके विधायक और कार्यकर्ता दोनों नाराज हैं। खरमास के बाद कई कांग्रेस विधायक NDA का हिस्सा बनेंगे।”
पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर क्या बोले संजय सिंह
पश्चिम बंगाल में चुनाव लड़ने के सवाल पर मंत्री संजय सिंह ने कहा कि वे लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के निर्देशों का पूरी तरह पालन करेंगे। उन्होंने कहा,
“मैं पार्टी का सिपाही हूं। राष्ट्रीय अध्यक्ष का जो आदेश होगा, जिस राज्य के लिए होगा, वहां जाकर NDA के लिए काम करूंगा। हमें पूरी उम्मीद है कि इस बार पश्चिम बंगाल में NDA की पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।”

