बिहार के सरकारी स्कूलों की टाइमिंग में बड़ा बदलाव, अब इतने बजे से लगेंगी Classes, देखें नया टाइम-टेबल
Friday, Apr 03, 2026-12:41 PM (IST)
Bihar School Timings: बिहार में पारा चढ़ने और बढ़ती तपिश को देखते हुए शिक्षा विभाग ने छात्र हित में बड़ा निर्णय लिया है। राज्य के करीब 80 हजार सरकारी स्कूलों के समय में व्यापक बदलाव किया गया है। बच्चों को तेज धूप और लू के प्रकोप से बचाने के लिए अब सभी स्कूल 6 अप्रैल से मॉर्निंग शिफ्ट में संचालित किए जाएंगे।
सुबह 6:30 बजे से शुरू होंगी कक्षाएं
शिक्षा विभाग द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों के अनुसार, स्कूल अब सुबह 6:30 बजे खुलेंगे। दोपहर 12:20 बजे तक शैक्षणिक कार्य संपन्न होने के बाद छात्रों की छुट्टी कर दी जाएगी। सरकार का प्राथमिक उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करते हुए उनकी पढ़ाई को निर्बाध रूप से जारी रखना है।
नया टाइम-टेबल
स्कूलों के दैनिक कामकाज के लिए समय का निर्धारण कुछ इस प्रकार किया गया है:
06:30 – 07:00 AM: प्रार्थना एवं चेतना सत्र
07:00 – 09:00 AM: पहली, दूसरी और तीसरी घंटी (प्रत्येक 40 मिनट)
09:00 – 09:40 AM: मध्यांतर (Mid-day Break)
09:40 – 12:20 PM: चौथी से सातवीं घंटी तक का संचालन
12:20 PM: छात्रों की छुट्टी
शिक्षकों के लिए विशेष निर्देश
कक्षाएं समाप्त होने के बाद शिक्षकों को तुरंत स्कूल छोड़ने की अनुमति नहीं होगी। दोपहर 12:20 से 12:30 बजे तक शिक्षक दिनभर की पढ़ाई की समीक्षा करेंगे और अगले दिन की कार्य योजना तैयार करेंगे। सभी शिक्षकों को दोपहर 12:30 बजे तक विद्यालय में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहना होगा।
निजी स्कूलों में भी बदलाव की तैयारी
माध्यमिक शिक्षा निदेशक के आदेश के बाद सभी जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) ने अपने-अपने क्षेत्रों में प्रारंभिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के लिए आधिकारिक नोटिस जारी करना शुरू कर दिया है। सरकारी स्कूलों के साथ-साथ राज्य के निजी शिक्षण संस्थानों ने भी भीषण गर्मी को देखते हुए अपने स्तर पर समय में बदलाव की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

