Nitish Kumar Shapath Grahan: आज नीतीश कुमार का शपथ ग्रहण, PM मोदी की होगी ग्रैंड एंट्री; प्रधानमंत्री का हेलिकॉप्टर सीधे गांधी मैदान में करेगा लैंड
Thursday, Nov 20, 2025-08:55 AM (IST)
Nitish Kumar Sapath Grahan: बिहार की राजधानी पटना के गांधी मैदान में आज यानी गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर जैसे ही शपथ ग्रहण स्थल पर बने हेलीपैड पर सीधे उतरेगा, वैसे ही पूरा गांधी मैदान रोमांच और उत्साह से भर उठेगा। इसी विशेष उपस्थिति में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अपने कार्यकाल की 10वीं शपथ लेने जा रहे हैं, जिसको लेकर पूरे राज्य और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है।
11:30 बजे शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सुबह 10:35 बजे अपने आवास से गांधी मैदान के लिये रवाना होंगे। इसके थोड़ी देर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हेलीकॉप्टर सीधे गांधी मैदान स्थित हेलीपैड पर उतरेगा, जहां 11:10 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार स्वयं प्रधानमंत्री का स्वागत करेंगे। इसके बाद 11:20 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, 11:22 बजे राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और 11:25 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंच पर आगमन होगा। 11:30 बजे राष्ट्रगान के साथ शपथ ग्रहण समारोह की शुरुआत होगी और 12:10 बजे तक पूरा कार्यक्रम चलेगा। शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट के लिये रवाना होंगे, जहां 12:35 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदाई समारोह में शामिल होंगे। यह शपथ ग्रहण समारोह कई मायनों में खास है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) शासित 12 राज्यों के मुख्यमंत्री इस मौके पर उपस्थित रहेंगे। इसे बिहार की राजनीति के सबसे बड़े आयोजनों में से एक माना जा रहा है। नीतीश कुमार का 10वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है, जो उन्हें देश के सबसे अनुभवी और लंबे समय तक कार्यकाल निभाने वाले मुख्यमंत्रियों की सूची में और ऊपर स्थापित करता है। पूरे देश और राज्य की निगाहें राजधानी पटना पर टिकी हैं, जहां बिहार की राजनीति का एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।

