Nitish Kumar Oath Ceremony 2025: नीतीश कुमार कल 10वीं बार लेंगे CM पद की शपथ, ज्योतिषियों ने बताया शुभ मुहूर्त
Wednesday, Nov 19, 2025-10:27 AM (IST)
Nitish Kumar Oath Ceremony 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 (Bihar Election Result 2025) में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की प्रंचड जीत के बाद नई सरकार के गठन की प्रक्रिया जोरों पर है। कल पटना के गाँधी मैदान में भव्य शपथ ग्रहण समारोह है। नीतीश कुमार कल दसवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
ज्योतिषियों ने बताया शपथ ग्रहण का शुभ मुहूर्त
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ज्योतिषियों ने शपथ का शुभ मुहूर्त गुरुवार 20 नवंबर को 11:00 बजे से लेकर 11:50 तक यानी 50 मिनट का बताया है जिसमें नीतीश कुमार अपने सभी मंत्रियों के साथ शपथ लेंगे।
CM नीतीश कुमार आज सौंपेंगे इस्तीफा
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज को राजभवन जाकर अपना इस्तीफा राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान को सौंपेंगे। 19 नवंबर यानी आज 17वीं बिहार विधानसभा भंग होगी। साथ ही नई सरकार बनाने का भी दावा पेश करेंगे।
आज चुने जाएंगे NDA विधायक दल के नेता
बता दें कि जदयू विधायक दल की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक मुख्यमंत्री और मौजूदा ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के आवास पर होगी। इसमें नीतीश कुमार को पार्टी विधायक दल का नेता चुना जाएगा। भाजपा विधायक दल की बैठक सुबह 11.30 बजे पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में होगी, जिसमें वे अपनी पार्टी विधायक दल का नेता तय करेंगे।
जानकारी हो कि दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री आवास पर NDA के सभी 202 विधायक बैठक करेंगे और अपने नेता का चुनाव करेंगे। बैठक में नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना जाएगा। इसके तुरंत बाद नीतीश कुमार अपने सहयोगियों के साथ राजभवन जाकर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे, जिससे नई सरकार गठन की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो जाएगी।
एनडीए को मिला रिकॉर्ड बहुमत
243 सीटों वाली बिहार विधानसभा में एनडीए ने 202 सीटें जीतकर ऐतिहासिक बहुमत हासिल किया है। भाजपा ने 89 सीट, जेडीयू ने 85, एलजेपी (रामविलास) ने 19 तो अन्य सहयोगी दलों ने 9 सीटें जीतीं हैं। इस जीत को बिहार की राजनीति में सबसे बड़ी वापसी के रूप में देखा जा रहा है।

