मधेपुरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से 24 घंटे के भीतर सकुशल बरामद हुआ अपहृत 3 वर्षीय मासूम आर्यन
Sunday, Sep 14, 2025-07:34 PM (IST)

मधेपुरा:मधेपुरा जिले के बिहारीगंज थाना क्षेत्र से अपहृत तीन वर्षीय आर्यन कुमार को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई और लगातार दबिश के कारण अपहरणकर्ता बच्चे को छोड़कर फरार हो गए।
शनिवार (13 सितंबर) को दो मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने ग्राम बैजनाथपुर से मासूम आर्यन का अपहरण कर लिया था। इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहारीगंज थाना कांड संख्या 401/25 दर्ज किया गया और त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी गई।
पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, उदाकिशुनगंज के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया, जिसमें अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष बिहारीगंज, थानाध्यक्ष उदाकिशुनगंज और जिला तकनीकी शाखा की टीम को शामिल किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर लगातार दबिश बनाई रखी।
लगातार दबाव के चलते रविवार (14 सितंबर) सुबह करीब 10 बजे अपहरणकर्ताओं ने बच्चे को उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के हरैली गांव में छोड़ दिया और फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने मासूम को सुरक्षित रखा और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद आर्यन को सकुशल परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल अज्ञात अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। पुलिस का कहना है कि इस मामले का जल्द ही खुलासा कर लिया जाएगा।