पुलिस का बड़ा एक्शनः सासाराम हिंसा मामले में पूर्व BJP MLA को किया गिरफ्तार, 5 बार विधायक रहे हैं जवाहर प्रसाद

Saturday, Apr 29, 2023-12:04 PM (IST)

रोहतासः बिहार में सासाराम से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को सासाराम में रामनवमी में हुए उपद्रव के मामले में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। हिंसा मामले में जवाहर प्रसाद नामजद आरोपी हैं। इनके साथ-साथ मो. शाहनवाज आलम को भी गिरफ्तार किया गया है।

5 बार विधायक रहे है जवाहर प्रसाद
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात पुलिस ने जवाहर प्रसाद को उनके घर लष्करी गंज से गिरफ्तार किया है। जवाहर प्रसाद सासाराम विधानसभा क्षेत्र का 5 बार प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। 1990 में वह पहली बार विधायक बने थे। पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि सासाराम नगर थाना क्षेत्र के लश्करी गंज मोहल्ला स्थित आवास से आज सुबह पुलिस ने रामनवमी के अवसर पर सासाराम में हुए उपद्रव मामले में पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद को गिरफ्तार किया गया है। इनके अलावा एक अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है।

अब तक 65 लोगों की हो चुकी हैं गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूर्व विधायक जवाहर प्रसाद पर सासाराम व्यवहार न्यायालय से गैर जमानतीय वारंट जारी हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। कुमार ने बताया कि सासाराम दंगा मामले में अब तक 65 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। 12 नामजद आरोपितों पर इश्तेहार चस्पा किया गया है। 38 पर गैर जमानतीय वारंट जारी है, जिसके लिए छापेमारी अभियान चल रहा है।

इससे पहले बीजेपी के 3 नेता कर चुके हैं सरेंडर
बता दें कि रामनवमी जुलूस के बाद सासाराम में हिंसा, पत्थरबाजी और आगजनी मामले में पुलिस की कार्रवाई जारी है।  मामले में नामजद आरोपियों पर सरेंडर करने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में बीजेपी के 3 नेताओं ने शिवसागर थाने में पहले ही सरेंडर कर दिया था, जिसमें डॉ शिवनाथ चौधरी, सोनू सिन्हा और रॉबिन केसरी शामिल हैं। गौरतलब हो कि बिहार के 5 जिलों में रामनवमी की शोभायात्रा को लेकर हिंसक झड़प हुई थी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma

Related News

static