Araria Crime News: रानीगंज में BDO और कार्यपालक सहायक रिश्वत लेते गिरफ्तार, निगरानी टीम ने डेढ़ लाख रुपए लेते रंगे हाथ दबोचा
Wednesday, May 21, 2025-10:04 AM (IST)

Raniganj BDO Arrested: बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने अररिया जिले के रानीगंज प्रखंड में मंगलवार को रिश्वत लेते हुए दो सरकारी कर्मचारियों को रंगे हाथों दबोचा।
मिली जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए कर्मचारी रानीगंज के BDO रीतमलाल चौहान और उनके कार्यपालक सहायक आदित्य प्रियदर्शी है। बताया जा रहा है कि प्रखंड उप प्रमुख कलानंद सिंह उर्फ कैलू ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि BDO रीतमलाल चौहान किसी योजना का काम पूरा होने के बाद राशि स्वीकृति के लिए रिश्वत मांग रहे थे। शिकायतकर्ता ने बताया कि पहले भी उनसे 25 हजार रुपए लिए जा चुके थे, इसके बाद डेढ़ लाख रुपए की और मांग की जा रही थी।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए निगरानी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और BDO रीतमलाल चौहान और उनके कार्यपालक सहायक आदित्य प्रियदर्शी को डेढ़ लाख रुपए रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों अधिकारियों को निगरानी की टीम पटना ले गई है। एफआईआर (FIR) दर्ज कर उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार कर्मियों से पूछताछ की जा रही है। विजिलेंस विभाग की इस कार्रवाई से सरकारी दफ्तरों में हड़कंप मच गया है और कई लोग इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण कदम मान रहे हैं। इस घटना की लोगों में भी खूब चर्चा हो रही है और इसे सार्वजनिक सेवा में जवाबदेही और पारदर्शिता की दिशा में एक कदम के रूप में देखा जा रहा है।