बिहार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, नीतीश सरकार ने BAS के 51 अधिकारियों का किया तबादला
Wednesday, Jan 28, 2026-09:50 PM (IST)
पटना: बिहार में प्रशासनिक बदलावों का सिलसिला लगातार जारी है। नीतीश कुमार सरकार ने बिहार प्रशासनिक सेवा (BAS) के 51 अधिकारियों का एक साथ तबादला करते हुए नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) ने बुधवार को आधिकारिक अधिसूचना जारी की।
जारी आदेश के मुताबिक, तबादलों में अपर सचिव, संयुक्त सचिव, अपर समाहर्ता (ADM), उपसचिव, एसडीओ, जिला परिवहन अधिकारी (DTO), बंदोबस्त पदाधिकारी समेत कई अहम पद शामिल हैं। ये नियुक्तियां राज्य के विभिन्न विभागों, जिलों और संवैधानिक आयोगों में की गई हैं।
सरकार के इस फैसले से प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की कोशिश मानी जा रही है। खास बात यह है कि लंबे समय से पोस्टिंग की प्रतीक्षा कर रहे कई अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन अधिकारियों को मिली अहम जिम्मेदारी
तबादला सूची के अनुसार—
- मृणायक दास को स्वास्थ्य विभाग में अपर सचिव बनाया गया है।
- तारानंद महतो को कला, संस्कृति एवं युवा विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
- कुमार विनोद को औरंगाबाद का बंदोबस्त पदाधिकारी नियुक्त किया गया है।
- अमरेश कुमार अमर को महानिदेशक सह मुख्य जांच आयुक्त कार्यालय में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
- आलोक कुमार, राज वर्धन और दुर्गेश कुमार को इसी कार्यालय में उपसचिव पद पर पदस्थापित किया गया है।
- अशोक कुमार गुप्ता को बिहार राज्य कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
- मो. अतहर सुन्नी को बिहार राज्य वक्फ बोर्ड का मुख्य कार्यपालक अधिकारी नियुक्त किया गया है।
- प्रभात चंद्र को नालंदा जिले का बंदोबस्त पदाधिकारी बनाया गया है।
- बुद्ध प्रकाश को ग्रामीण कार्य विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।
- जिलों में ADM और अन्य पदों पर भी बदलाव
- जन्मेजय शुक्ला को भागलपुर का अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) बनाया गया है।
- मो. शिबगतुल्लाह को पूर्वी चंपारण का एडीएम (विभागीय जांच) नियुक्त किया गया है।
- अशोक कुमार मंडल को पटना का अपर समाहर्ता (विशेष कार्यक्रम) बनाया गया है, जिसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जा रहा है।
- सैयद शहजाद अहमद को बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग का सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है।
- अमित कुमार को कृषि विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है।
- ब्रजकिशोर लाल को युवा रोजगार एवं कौशल विकास विभाग में विशेष कार्य पदाधिकारी की जिम्मेदारी मिली है।
इसके अलावा किशनगंज, नवादा, औरंगाबाद, मधुबनी, पूर्णिया, समस्तीपुर, मधेपुरा, अररिया, सुपौल और कटिहार समेत कई जिलों में एसडीओ, जिला भू-अर्जन अधिकारी और डीटीओ स्तर पर भी नई पदस्थापनाएं की गई हैं।
प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने की कवायद
सामान्य प्रशासन विभाग के अनुसार, यह तबादला प्रक्रिया प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, विभागीय कार्यों में तेजी लाने और जमीनी स्तर पर बेहतर समन्वय के उद्देश्य से की गई है। सरकार का मानना है कि नए दायित्व मिलने से कार्यप्रणाली में नई ऊर्जा आएगी।

